लेखपाल कैसे बने? – योग्यता, सैलरी, कार्य एवं एग्जाम पैटर्न उत्तर प्रदेश में लेखपाल की परीक्षा लगभग हर साल होती है, जिसे UPSSSC (उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) आयोजित करता है। अगर आप इस परीक्षा को पास कर लेते हैं तो आपको राजस्व लेखपाल की नौकरी मिल सकती है। यह एक बहुत ही प्रतिष्ठित सरकारी सेवा है, जिसे पाना कई विद्यार्थियों का सपना होता है।
अब सवाल आता है कि लेखपाल कैसे बने?, लेखपाल बनने के लिए क्या-क्या योग्यताएँ होनी चाहिए? लेखपाल क्या काम करते है? लेखपाल की सैलरी कितनी होती है और भी बहुत कुछ। आज हमआपके इन सभी सवालों का जवाब विस्तार पूर्वक देने वाले है। इस लेख को पढ़ने के बाद लेखपाल की नौकरी से संबंधित आपके सभी डाउट्स पूरी तरह खत्म हो जाएंगे।
लेखपाल क्या होते हैं ?
लेखपाल गाँव या तहसील स्तर का सरकारी कर्मचारी होता है, जो ज़मीन और उससे जुड़े रिकॉर्ड की देखभाल करता है। इसे आप गांव का “जमीन रिकॉर्ड अधिकारी” भी कह सकते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो, लेखपाल वो व्यक्ति होता है जो गाँव की जमीन और उससे जुड़े हर छोटे-बड़े रिकॉर्ड की जिम्मेदारी संभालता है।
लेखपाल का काम मुख्य रूप से जमीन की नाप-जोख करना, खसरा-खतौनी (भूमि अभिलेख) तैयार करना और किसानों या जमीन मालिकों को उनकी ज़रूरत के कागज़ उपलब्ध कराना होता है। इसके साथ ही वह सरकारी योजनाओं को गाँव तक पहुँचाने और राजस्व वसूली (टैक्स/राजस्व) में भी मदद करता है।
लेखपाल कैसे बने ? योग्यताएं और आयु सीमा
यूपी लेखपाल बनने के लिए आपको मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास करनी होगी। आपकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए (आरक्षित वर्गों के लिए आयु में छूट लागू),
इसके अलावा, यूपी में लेखपाल बनने के लिए अब UPSSSC PET परीक्षा का स्कोर होना भी अनिवार्य है। यानी पहले आपको PET पास करना होगा, तभी आप लेखपाल भर्ती में आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आपको कंप्यूटर संचालन का बुनियादी ज्ञान होना चाहिए और कुछ पदों के लिए सीसीसी सर्टिफिकेट भी अनिवार्य है
लेखपाल की सैलरी कितनी होती है?
लेखपाल की सैलरी लेवल-3 पे मैट्रिक्स के तहत मिलती है। इसका बेसिक पे ₹21,700 से शुरू होकर ₹69,100 तक जाता है। इसके अलावा ग्रेड पे ₹2,000 भी जोड़ा जाता है। भत्तों (जैसे महंगाई भत्ता, हाउस रेंट अलाउंस और अन्य सुविधाएँ) को मिलाकर लेखपाल की हर महीने की सैलरी लगभग ₹25,000 से ₹35,000 के बीच हो जाती है। यह राज्य और पोस्टिंग की जगह के हिसाब से थोड़ी ऊपर-नीचे हो सकती है।
लेखपाल को सिर्फ सैलरी ही नहीं मिलती, बल्कि इसके साथ कई सरकारी सुविधाएँ भी मिलती हैं। इनमें मेडिकल सुविधा, पेंशन, ग्रेच्युटी, प्रमोशन के मौके और नौकरी की स्थिरता शामिल है।
लेखपाल के लिए एग्जाम पैटर्न एवं सिलेबस
लेखपाल की भर्ती परीक्षा को UPSSSC (उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) आयोजित करता है। यह परीक्षा ऑनलाइन (CBT) होती है। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाते हैं और समय 90 मिनट का होता है। हर प्रश्न 1 अंक का होता है, यानी परीक्षा कुल 100 अंकों की होती है। कई बार इसमें नेगेटिव मार्किंग भी होती है (गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाते हैं)।
प्रश्न चार विषयों से पूछे जाते हैं –
- सामान्य हिंदी
- गणित
- सामान्य ज्ञान
- ग्राम्य समाज एवं विकास
सिलेबस (Syllabus)
1. सामान्य हिंदी
इस भाग में हिंदी भाषा और व्याकरण से संबंधित प्रश्न आते हैं। जैसे – समास, तत्सम-तद्भव, पर्यायवाची, विलोम, मुहावरे, लोकोक्तियाँ, संधि, अलंकार, रस, छंद और वाक्य संरचना।
2. गणित
गणित में हाई स्कूल स्तर तक के प्रश्न पूछे जाते हैं। इसमें प्रतिशत, लाभ-हानि, साधारण और चक्रवृद्धि ब्याज, औसत, समय-कार्य, समय-दूरी, क्षेत्रफल-परिमाप, आयतन, त्रिकोणमिति और सरल रेखा समीकरण जैसे टॉपिक्स शामिल होते हैं।
3. सामान्य ज्ञान
इस भाग में भारत और विश्व से जुड़े सामान्य प्रश्न पूछे जाते हैं। जैसे – इतिहास, भूगोल, राजनीति, भारतीय अर्थव्यवस्था, करंट अफेयर्स, महत्वपूर्ण दिवस, पुरस्कार, खेल और विज्ञान। इसके अलावा यूपी राज्य से जुड़े सवाल भी आते हैं।
4. ग्राम्य समाज एवं विकास
यह हिस्सा लेखपाल परीक्षा का सबसे खास विषय होता है। इसमें पंचायती राज व्यवस्था, ग्रामीण विकास योजनाएँ, ग्रामीण समाज की संरचना, समाज सुधार आंदोलन, ग्रामीण समस्याएँ और उनके समाधान से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं।